ब्यूरो चीफ अखिलेश पटेल
पन्ना। सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि पन्ना का सीएम राइज स्कूल सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा। यहां पब्लिक स्कूल की तर्ज पर बच्चों को सुविधाएं मिलेंगी। सीएम राइज स्कूल में बेहतर शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास व खेलकूद गतिविधियों के लिए भी उत्कृष्ट सुविधाएं विकसित की जाएंगी। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ही यह स्कूल बहुआयामी गतिविधियों को बड़ा केन्द्र भी बनेगा। सांसद श्री शर्मा ने गुरूवार को खनिज साधन एवं श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के साथ बायपास रोड पर सीएम राइज स्कूल के भूमिपूजन अवसर पर यह बात कही।
उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर स्कूल का भूमिपूजन सौभाग्य की बात है। सांसद ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। वर्तमान समय में शैक्षणिक संस्थाओं में एकेडमिक गतिविधियों के अलावा अन्य गतिविधियां भी जरूरी हैं। भविष्य में पन्ना में अन्य उच्च शिक्षा संस्थाओं की स्थापना की बात कही।
खनिज साधन एवं श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में सभी विकासखण्ड मुख्यालयों के अतिरिक्त ककरहटी में भी सीएम राईज विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। लगभग साढ़े 9 एकड़ के परिसर में 28 करोड़ रूपए की लागत से पन्ना के सीएम राइज स्कूल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर गणतंत्र दिवस व बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे परमार, नपाध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सूर्यभूषण मिश्रा, प्राचार्य श्री जयकरण पटेल, श्री अरविन्द सिंह गौर, रामबिहारी चैरसिया, सतानंद गौतम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ