विदिशा, दिनांक 16 अक्टूबर 2023
आगामी विधान सभा निर्वाचन में विदिशा जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) महाविद्यालय की छात्राओं ने आज एक विशाल रैली निकाली। महाविद्यालय में रैली प्रारम्भ करने से पहले जिला पंचायत सीईओ डॉक्टर योगेश भरसट ने उपस्थित सभी छात्राओं एवं महाविद्यालय के स्टाफ को मतदान हेतु उत्प्रेरित किया एवं मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय की छात्राएं जिले के मतदाताओं को व्यापक स्तर पर जागरुक करेंगी और एक-एक वोट के महत्व को बताएंगी। मतदाता जागरूकता रैली शासकीय कन्या महाविद्यालय से प्रारम्भ होकर नीमताल पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस रैली में महाविद्यालय के स्टाफ और लगभग एक हज़ार छात्राओं ने हिस्सा लिया। रैली में नारे लगाते हुए महाविद्यालय की छात्राओं ने विदिशा नगरवासियों से आगामी विधानसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान करने हेतु अभिप्रेरित किया। इस रैली के माध्यम से छात्राओं ने संदेश दिया कि जागरुक और सक्रिय मतदाता ही लोकतंत्र को महान बनाता है। महाविद्यालय में स्वीप नोडल अधिकारी असिस्टेंट प्रोफ़ेसर श्री रवि रंजन ने बताया कि महाविद्यालय में एक इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब बनाया गया है, जिसके माध्यम से विदिशा ज़िले के मतदाताओं को मतदान के महत्व को समझाया जाएगा और मतदाता जागरूकता हेतु कई प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मतदाता जागरूकता संबंधी सभी गतिविधियों का उद्देश्य बिना लोभ लालच और बिना डर भय के मतदान को बढ़ावा देना है । रैली के सफल आयोजन हेतु जिला पंचायत सीईओ डॉ योगेश भरसट ने महाविद्यालय को बधाई दी। सहायक स्वीप नोडल अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला ने भी छात्राओं को सम्बोधित कर बताया कि छात्राएं अपने अभिभावकों को मतदान के प्रति जागरुक करें और यह संदेश प्रसारित करें कि “जागरुक मतदाता है देश का भाग्य विधाता।
0 टिप्पणियाँ